बड़ी खबर प्रयागराज के शाहगंज स्थित भगवान श्री आनंद बिहारी विराजमान राधा-कृष्ण मंदिर से गुरुवार को भगवान जगन्नाथ प्रभु की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। सुबह 10:30 बजे मंदिर के पुश्तैनी पुजारी पंडित दिगंबर प्रसाद त्रिपाठी के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। रथयात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, शाहगंज, जॉनसेनगंज चौराहा, घंटाघर, फल मंडी, कोतवाली और ठठेरी बाजार होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ भगवान के दर्शन किए और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भजन-कीर्तन और बैंड-बाजों की मधुर धुनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। रथयात्रा में संयोजक महेंद्र चौरसिया सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे। समापन के बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम मंदिर के पुश्तैनी पुजारी पंडित दिगंबर प्रसाद त्रिपाठी के निर्देशन में संपन्न हुआ। कैमरामैन के साथ रिपोर्ट – नीरज कुमार त्रिपाठी, एन24 मीडिया, प्रयागराज।